शिक्षा, रोजगार और विकास को राजनीति का आधार बनाने की अपील, डॉ. राजेश्वर सिंह ने पहचान आधारित गोलबंदी पर उठाए सवाल

सरोजनीनगर विधायक ने PDA सहित जाति-धर्म आधारित राजनीति पर रखे विचार
मतदाताओं से बच्चों के भविष्य, युवाओं के अवसर और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता देने की अपील
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 21वीं सदी की राजनीति में शिक्षा, रोजगार, निवेश और विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति सहित AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की पहचान आधारित गोलबंदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को बांटना नहीं, बल्कि राष्ट्र को जोड़ना होना चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि आज के दौर में राजनीति का केंद्र जाति और धर्म के आधार पर गठबंधन बनाने के बजाय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए। युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए ज्ञान, कौशल, प्रतिभा और परिश्रम के अनुरूप अवसरों की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर जरूरी हैं, लेकिन युवाओं की आकांक्षाओं को जाति या धर्म के दायरों तक सीमित करना उनके भविष्य को प्रभावित कर सकता है। नीतियों का लक्ष्य ऐसा होना चाहिए कि हर बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले और मेहनत व प्रतिभा का सम्मान हो।
मतदाताओं से विकास एजेंडे पर विचार करने की अपील
विधायक ने मतदाताओं से अपील की कि किसी भी राजनीतिक दल या PDA जैसे जाति आधारित घोषणापत्र का समर्थन करने से पहले उसके विकास एजेंडे पर गंभीरता से विचार करें। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले यह आत्ममंथन करना जरूरी है कि संबंधित राजनीति बच्चों के भविष्य, युवाओं के रोजगार और राष्ट्रीय एकता को कितना मजबूत करेगी।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सोच-समझकर लिया गया निर्णय ही युवाओं, समाज और देश के हितों की रक्षा कर सकता है। उनके अनुसार, राजनीति में शिक्षा, रोजगार, निवेश और विकास जैसे मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
