2047 तक हर बच्चे को समान अवसर देने वाला भारत बनाने का सपना: डॉ. राजेश्वर सिंह

दीपावली पर युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता अपनाने की अपील
उन्होंने कहा- युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन पर दें जोर
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दीपावली के अवसर पर आर्थिक और सामाजिक असमानता के मुद्दे को उठाते हुए युवाओं से समान अवसर, शिक्षा, उद्यमिता और ईमानदारी के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 2047 तक ऐसा भारत बनाने का लक्ष्य होना चाहिए, जहां हर बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले और किसी का भविष्य उसके उपनाम या परिवार की आर्थिक स्थिति से तय न हो।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आर्थिक असमानता के पीछे केवल आंकड़े नहीं, बल्कि आम परिवारों के संघर्ष की कहानियां भी हैं। हर आंकड़े के पीछे एक ऐसी मां का संघर्ष है, जो अपने बच्चे की पढ़ाई के लिए खुद एक वक्त का भोजन छोड़ देती है।
वहीं, एक पिता की कहानी है, जो पूरी जिंदगी मेहनत करने के बाद भी अपने बच्चों के लिए घर नहीं छोड़ पाता। उन्होंने कहा कि असमानता आज भी हमारी आजादी की अधूरी लड़ाइयों में से एक है।
संपत्ति और आय के वितरण में असमानता का किया उल्लेख
विधायक ने अपने संदेश में संपत्ति और राष्ट्रीय आय के वितरण से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में शीर्ष एक प्रतिशत लोगों के पास लगभग 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि निचले 50 प्रतिशत यानी करीब 73 करोड़ लोगों के पास केवल 6.4 प्रतिशत संपत्ति है।
उनके अनुसार, राष्ट्रीय आय का 58 प्रतिशत हिस्सा शीर्ष 10 प्रतिशत लोगों को मिलता है, जबकि निचले 50 प्रतिशत लोगों के हिस्से में केवल 15 प्रतिशत आता है।
उन्होंने वैश्विक असमानता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के शीर्ष एक प्रतिशत लोगों के पास 37 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि दुनिया की आधी आबादी के पास केवल दो प्रतिशत संपत्ति है।
युवाओं से कौशल विकास और रोजगार सृजन पर जोर देने की अपील
डॉ. सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन किसी प्रतिभाशाली बच्चे का भविष्य उसके जन्म या परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर तय नहीं होना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक कौशल विकसित करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा बचत और निवेश की आदत अपनाने का आह्वान किया। साथ ही आसान पैसे के लालच से दूर रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले बनकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी करें।
जातिगत भेदभाव छोड़ने और बेटियों की शिक्षा पर दिया जोर
अपने संदेश में विधायक ने युवाओं से जातिगत भेदभाव को नकारने, बेटियों की शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा मतदान के दौरान काम और विकास को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होने का भी आह्वान किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बेटी अपने परिवार की तकदीर पीढ़ियों तक बदल सकती है। इसलिए बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना जरूरी है।
2047 तक समान अवसर वाला भारत बनाने का संकल्प
अपने विजन को साझा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनका सपना 2047 तक ऐसा भारत बनाने का है, जहां किसी बच्चे का भविष्य उसके सरनेम या पिता के बैंक बैलेंस से तय न हो। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए और वे रोजगार सृजन के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में योगदान दें।
दीपावली के अवसर पर उन्होंने सभी से असमानता कम करने, प्रत्येक बच्चे को समान अवसर देने और विकास की रोशनी हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह दीपावली के दीपक अंधकार दूर करते हैं, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से हर जीवन में आशा, सम्मान और समृद्धि का प्रकाश फैलाया जा सकता है।
युवाओं को संदेश देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “मेरे युवा साथियों, आप ही मेरी आशा हैं। आप ही 2047 के विकसित भारत के निर्माता हैं।”
