- दुपट्टे के फंदे से लटका मिला शव, फोरेंसिक टीम ने की जांच
- पति व ससुर बाहर प्रदेश में, सभी पहलुओं पर जांच जारी
- क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
बृजमनगंज, महराजगंज। थाना बृजमनगंज क्षेत्र के ग्रामसभा गोपालपुर टोला शुक्ल कोटिया में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शबाना पत्नी अजहरुद्दीन के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। बताया जा रहा है कि मृतका का पति और ससुर इस समय दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने गए हुए हैं।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी फरेंदा बसंत सिंह ने बताया कि मामला संवेदनशील है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















