रायबरेली: जयमाल के बीच दहेज मांग, तलवार से हमला कर दूल्हा लौटा

रायबरेली। बछरांवा थाना क्षेत्र के देवीखेड़ा मजरे राघवपुर गांव में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह दहेज विवाद के कारण टूट गया। जयमाल के मंच पर पहुंचे दूल्हे ने अचानक दहेज में मोटरसाइकिल और अंगूठी की मांग रख दी।

मांग पूरी न होने पर विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हे ने दुल्हन के भाई पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बारात बिना शादी के वापस लौट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मोहनलाल की पुत्री प्रीती गौतम की शादी खचोहन का पुरवा (पोस्ट नेरथुआ) निवासी रामसागर के पुत्र सूरज गौतम से तय हुई थी। मंगलवार शाम धूमधाम से बारात पहुंची और स्वागत-सत्कार के बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई।

बताया जा रहा है कि जैसे ही दुल्हन जयमाल के लिए मंच पर पहुंची, दूल्हे ने दहेज की अतिरिक्त मांग रख दी। दुल्हन पक्ष ने कुछ समय देने की बात कही, लेकिन दूल्हा अड़ गया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और दूल्हे ने दुल्हन के भाई धीरज पर तलवार से वार कर दिया।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और दूल्हा पक्ष बारात लेकर वापस लौट गया। घायल युवक का उपचार कराया गया है।

पीड़ित पिता मोहनलाल ने बताया कि उन्होंने बारातियों के स्वागत की पूरी व्यवस्था की थी और दहेज की मांग पूरी करने के लिए समय भी मांगा था, लेकिन लड़के पक्ष ने बात नहीं मानी।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की कड़वी हकीकत को उजागर किया है। क्षेत्र में इस मामले को लेकर आक्रोश है और लोग दहेज लोभियों की निंदा कर रहे हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts