सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र के गुजरौलिया ग्राम पंचायत के सेमरहवा गांव में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सेमरहवा निवासी लव कुश का चार वर्षीय पुत्र अवनीश सड़क पार कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक पिकअप वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे को देख ग्रामीणों ने वाहन का पीछा भी किया, लेकिन चालक उन्हें चकमा देकर भागने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि वाहन की पहचान कर ली गई है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


















