शकील अहमद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद हुए बदलावों को लेकर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था से लेकर आर्थिक विकास तक कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है और आज यह देश की विकास यात्रा का प्रमुख इंजन बनकर उभरा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि पहले जहां प्रदेश कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक चुनौतियों से जूझ रहा था, वहीं अब सुशासन, तेज अवसंरचना विकास और समावेशी योजनाओं के जरिए एक नया मॉडल स्थापित किया गया है, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की माफिया संपत्तियां जब्त की हैं और 10 हजार से अधिक अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए डायल 112, साइबर थाने और फॉरेंसिक सुविधाओं को मजबूत किया गया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़ी प्रगति हुई है। वर्तमान में 7 एक्सप्रेसवे संचालित हैं, जबकि कई निर्माणाधीन और प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही मेट्रो, एयरपोर्ट और अन्य परियोजनाओं ने प्रदेश को नई रफ्तार दी है।
आर्थिक विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का जीएसडीपी 10.9 लाख करोड़ से बढ़कर 24 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। निवेश के क्षेत्र में भी बड़ी सफलता मिली है, जहां लाखों करोड़ रुपये के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाएं जमीन पर उतर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि, सिंचाई, जनकल्याण योजनाओं, महिला सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस और रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। किसानों के लिए सिंचाई क्षमता बढ़ाई गई, गरीबों को आवास, बिजली और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और स्वरोजगार योजनाओं के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह बदलाव केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक और जनकेंद्रित परिवर्तन है, जिसने प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है।


















