सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज क्षेत्र में टैक्सी स्टैंड के ठेके की नीलामी प्रक्रिया सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस नीलामी में तीन फर्मों-भगवती इंटरप्राइजेज, बीके एंटरप्राइजेज और एमबी कंस्ट्रक्शन ने भाग लिया।

नीलामी प्रक्रिया नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल, प्रशासनिक अधिकारी सुरभि मिश्रा, बड़े बाबू रमेश चौधरी तथा सभासदों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
बताया गया कि नीलामी की शुरुआत ₹13,11,842 की बोली से हुई।
भगवती इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि गौरव जायसवाल ने शुरुआत में सक्रिय भागीदारी दिखाई, जबकि बीके एंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि संजय चौरसिया ने पहले ही राउंड में बोली लगाकर प्रक्रिया से दूरी बना ली।
वहीं एमबी कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि दिलीप यादव ने लगातार तीन राउंड तक प्रतिस्पर्धी बोली लगाते हुए अंततः सबसे ऊंची बोली लगाकर बाजी मार ली।
गौरतलब है कि इससे पहले नगर पंचायत द्वारा टैक्सी स्टैंड की नीलामी के लिए दो बार विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन किसी भी फर्म ने रुचि नहीं दिखाई, जिसके चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
तीसरी बार जारी नीलामी में इस बार तीन फर्मों की भागीदारी देखने को मिली और प्रतिस्पर्धा के बीच नीलामी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
अंतिम चरण में पीपीगंज (गोरखपुर) की एमबी कंस्ट्रक्शन ने ₹13,13,500 की उच्चतम बोली लगाकर टैक्सी स्टैंड का ठेका अपने नाम कर लिया।
नगर पंचायत प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया है। जल्द ही संबंधित फर्म को टैक्सी स्टैंड संचालन की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
इस अवसर पर सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, दिलीप कन्नौजिया, आदित्य राय, सागर कन्नौजिया, राजन चौरसिया, सन्नी कन्नौजिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















