सलमान खान
बाजपुर, उधम सिंह नगर। मझराप्रभु वार्ड नंबर-1 के सभासद प्रतिनिधि एवं यूथ कांग्रेस नगराध्यक्ष आदित्य चानना ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि 21 वर्ष के युवक से चुनाव हारने की बौखलाहट में विपक्षी उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
आदित्य चानना ने कहा कि जो लोग आज उन पर आरोप लगा रहे हैं, वही लोग उनके पिता स्वर्गीय सुनील चानना के साथ वर्षों तक प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने का कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिता के निधन के बाद उन्होंने उन लोगों की बातों को अपने पिता का आदेश मानते हुए भरोसे के साथ कार्य किया।
चानना ने आरोप लगाया कि अब वही लोग उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार लगातार निस्वार्थ भाव से मझराप्रभु वार्ड के लोगों की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूरे वार्ड में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि जो काम पिछले 20 वर्षों में नहीं हुए, उन्हें उन्होंने महज एक वर्ष के भीतर जनता के आशीर्वाद से पूरा कराया है और यही बात विपक्ष को स्वीकार नहीं हो रही।
आदित्य चानना ने कहा कि बाजपुर की जनता अच्छी तरह जानती है कि “चार सौ बीस” कौन हैं और उन्हें किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों को उन्होंने हमेशा पितातुल्य सम्मान दिया, उन्हीं लोगों ने उनके और उनके परिवार पर मिथ्या आरोप लगाकर “पीठ में छुरा घोंपने” का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही विपक्षियों के “काले चिट्ठे” साक्ष्यों के साथ जनता के सामने उजागर किए जाएंगे।
आदित्य चानना ने कहा कि उनका मुख्य संकल्प मझराप्रभु वार्ड का चहुंमुखी विकास करना है और यह कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा।






