सलमान खान
उधमसिंह नगर। बाजपुर कोतवाली पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर द्वारा बाजपुर क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर क्षेत्र में लगातार सुरागरसी और पतारसी शुरू की।
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को सूचना मिली कि एक युवक रतनपुरा स्थित टूटे खंडहर में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर बैठा है और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपेंद्र सैनी पुत्र लेखराज सिंह सैनी निवासी ढकिया गुलाबो थाना काशीपुर, जिला उधमसिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हीरो डीलक्स और स्प्लेंडर प्लस बाइक शामिल हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलें बाजपुर कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई थीं और उनसे संबंधित मुकदमे पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली काशीपुर में आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में बाजपुर कोतवाली के एसएसआई विक्रम सिंह धामी, सुल्तानपुर पट्टी चौकी प्रभारी मनीष खत्री, एसआई दीपक बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






