सलमान खान
बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। उधमसिंह नगर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली बाजपुर पुलिस ने गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर, क्षेत्राधिकारी बाजपुर और प्रभारी निरीक्षक बाजपुर के निर्देशन में दोराहा चौकी पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में रखी 67 पन्नियों में करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाडी सिंह पुत्र सुवेग सिंह निवासी महेशपुरा थाना बाजपुर जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल कैलाश पांडे और कांस्टेबल राजेश नाथ शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply