सलमान खान
बाजपुर, उधम सिंह नगर। उधमसिंह नगर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बाजपुर पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में सफलता मिली है। कोतवाली बाजपुर पुलिस ने गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों की रोकथाम और बरामदगी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर उधम सिंह नगर, क्षेत्राधिकारी बाजपुर और प्रभारी निरीक्षक बाजपुर के निर्देशन में दोराहा चौकी पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सागर सिंह पुत्र कृष्ण सिंह निवासी धीमरखेड़ा वार्ड नंबर 18 मसवासी थाना स्वार जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। आरोपी की उम्र 21 वर्ष बताई गई है।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 161/26 धारा 3/25(1ख)(क) आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल कैलाश पांडे और कांस्टेबल राजेश नाथ शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






