सरोजनीनगर बना उत्तर प्रदेश का उभरता लाइफस्टाइल हब, खेल, संस्कृति और मनोरंजन के केंद्र के रूप में उभरा क्षेत्र: डॉ. राजेश्वर सिंह

  • युवा उत्सव, धर्म उत्सव, खेल अवसंरचना और आधुनिक मॉल ने बदली सरोजनीनगर की पहचान, विधायक बोले- विकास के साथ संस्कृति और अवसरों का भी विस्तार

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र अब केवल राजधानी लखनऊ का एक आवासीय इलाका भर नहीं रह गया है, बल्कि यह तेजी से खेल, संस्कृति, मनोरंजन और आधुनिक जीवनशैली का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का कहना है कि विकास को केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहां युवाओं, खिलाड़ियों, कलाकारों और आम नागरिकों को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर को आधुनिक और समृद्ध क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए आधारभूत संरचना के साथ-साथ खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उनका लक्ष्य सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश के सबसे विकसित, जीवंत और आकर्षक क्षेत्रों में शामिल करना है।

खेल जगत में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम ने सरोजनीनगर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। यहां आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन से खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। वहीं अवध इंडोर स्पोर्ट्स एंड रिजॉर्ट सेंटर जैसे आधुनिक खेल परिसरों ने युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, फिटनेस और अन्य खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।

मनोरंजन और आधुनिक जीवनशैली के क्षेत्र में भी सरोजनीनगर तेजी से आगे बढ़ा है। फीनिक्स यूनाइटेड मॉल, फीनिक्स पलासियो, एमराल्ड मॉल और लुलु मॉल जैसे बड़े व्यावसायिक केंद्रों ने क्षेत्र को प्रदेश के प्रमुख रिटेल और एंटरटेनमेंट हब के रूप में स्थापित किया है। इन संस्थानों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़े हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।

युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘युवा उत्सव’ ने सरोजनीनगर को सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों का नया केंद्र बनाया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक यो यो हनी सिंह की प्रस्तुति को देखने के लिए 35 हजार से अधिक युवा पहुंचे। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को “Say No To Drugs” का संदेश भी दिया गया।

इसी तरह धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए आयोजित ‘धर्म उत्सव’ में सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति ने हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव कराया। वहीं ‘श्याम रथ’ पहल के जरिए धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के लिए ‘युवा उत्सव 2.0’ के अंतर्गत #NetZeroSarojiniNagar2040 अभियान की शुरुआत की गई। अभिनेता संजय दत्त की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार मतदान और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में भी सरोजनीनगर ने अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘तेरी मिट्टी – Celebrating Tiranga’ कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार मनोज मुंतशिर तथा लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा कवयित्री अनामिका जैन अंबर सहित अनेक साहित्यकारों और कलाकारों के कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पहचान दी है।

अवध शिल्प ग्राम, स्मृति उपवन और अन्य सांस्कृतिक स्थलों के माध्यम से स्थानीय कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर का विकास केवल आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है। उद्देश्य ऐसा आधुनिक, समृद्ध और अवसरों से परिपूर्ण समाज बनाना है, जहां खेल, संस्कृति, पर्यावरण, मनोरंजन और रोजगार के नए आयाम स्थापित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में सरोजनीनगर विकास और आधुनिक जीवनशैली का एक सफल मॉडल बनकर पूरे प्रदेश के सामने नई पहचान स्थापित करेगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts