उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर में योजनाओं का किया निरीक्षण, विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

  • किसानों से किया संवाद, विभागीय योजनाओं का समयबद्ध लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश, 25 जुलाई को पीलीभीत दौरे पर रहेंगे मंत्री

लखनऊ। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जनपद लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कृषकों के प्रक्षेत्रों का निरीक्षण किया।

उन्होंने किसानों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन, उत्पादन की स्थिति तथा विभागीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए।

इसके उपरांत उद्यान मंत्री ने जनपद सीतापुर एवं लखीमपुर खीरी में उद्यान विभाग द्वारा विकसित विभिन्न ढांचागत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा जनपद लखीमपुर खीरी में आयोजित कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का जनहित में लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्यान क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत सुविधाओं तथा विपणन व्यवस्था से सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे ढांचागत निर्माण कार्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कृषि एवं उद्यान उत्पादों के बेहतर संरक्षण, प्रसंस्करण एवं विपणन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह जनपद पीलीभीत के भ्रमण पर रहेंगे।

इस दौरान वे उद्यान विभाग की योजनाओं से लाभान्वित कृषकों के प्रक्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे तथा किसानों से संवाद करेंगे। साथ ही जनपद में उद्यान विभाग द्वारा निर्मित विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि, उद्यानिकी के विस्तार तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में विभाग निरंतर प्रभावी कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *