लखनऊ: अमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद

[post-views]
  • डायल-112 पर फर्जी कॉल से मचा हड़कंप, पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोचा

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त निरीक्षक अजय पाल सिंह के नेतृत्व में गठित थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम ने अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना देने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:45 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि अमौसी एयरपोर्ट पर बम रखा गया है। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। बीडीडीएस टीम तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान चलाया, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सूचना को भ्रामक पाया गया।

मामले में उपनिरीक्षक नीशू चौधरी की तहरीर पर थाना सरोजनीनगर में संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस की सहायता से कॉल करने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर की लोकेशन का पता लगाया।

विवेचना के दौरान भ्रामक सूचना देने वाले की पहचान श्याम सुंदर पुत्र राज किशोर निवासी ग्राम जयसिंहपुर थाना बिधनू, जनपद कानपुर उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को अभियुक्त श्याम सुंदर को किसान पथ, दरोगाखेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त का चालान कर दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts