बृजमनगंज में भरत मिलाप मेले की धूम, प्रभु श्रीराम और सीता माता का नगरवासियों ने किया अभिनंदन

– पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया पूजन-अर्चन, जगह-जगह उतारी गई आरती
बृजमनगंज, महराजगंज। स्थानीय नगर पंचायत में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन मंगलवार को रावण वध के बाद अपने भाई भरत से मिलने अयोध्या पहुंचे प्रभु श्रीराम और सीता माता का नगरवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ अभिनंदन किया। ठाकुरद्वारा परिसर में पूजन-अर्चन के बाद देर शाम प्रभु श्रीराम के डोल को नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। इसी के साथ भरत मिलाप मेले की शुरुआत हुई।
इस दौरान फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम और सीता माता की पूजा-अर्चना की। नगर भ्रमण के दौरान डोल को श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रोककर प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और पूजन-अर्चन किया। पूरे आयोजन के दौरान नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा।
भरत मिलाप के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया। मेले में लगे झूले, मिठाई, खिलौने और गुब्बारों की दुकानों ने बच्चों को आकर्षित किया, वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों से जमकर खरीदारी की।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती। मेला देर रात तक चलता रहा।
इस अवसर पर महंत दिवाकर शुक्ला, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन, रूपनरायन जायसवाल, नटवर गोयल, सौरभ कलवार, दिलीप गुप्ता, हरिनारायण तिवारी, गणेश गुप्ता, आर्यन, लालचंद, आशीष जायसवाल, राजू जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
