बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल

– भगतपुरवा गांव के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर किया गया
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर भगतपुरवा गांव के पास मंगलवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत की गंभीरता को देखते हुए दोनों युवकों को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि घायलों की पहचान साजन और सनोज के रूप में हुई है। दोनों सिद्धार्थनगर जनपद के लोटन थाना क्षेत्र की ग्राम सभा भुसौला के टोला देवलियां के निवासी हैं। उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
