रायबरेली में प्रदेशीय महिला तैराकी और टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन, टेबल टेनिस में लखनऊ मंडल का दबदबा

डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
तैराकी में 9 और टेबल टेनिस में 10 मंडलों की टीमों ने लिया हिस्सा
रायबरेली। जिला खेल कार्यालय स्थित पंडित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 4 और 5 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय प्रदेशीय महिला तैराकी एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आई महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। तैराकी प्रतियोगिता में 9 मंडलों और टेबल टेनिस प्रतियोगिता में 10 मंडलों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश तैराकी संघ, लखनऊ के निदेशक राबिन कपूर ने किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
तैराकी प्रतियोगिता के परिणाम
तैराकी की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर फ्री स्टाइल महिला वर्ग में मेरठ मंडल की आरोही राय ने प्रथम, वाराणसी की रिया पटेल ने द्वितीय तथा लखनऊ की अंशिका गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में वाराणसी की श्वेता साहनी प्रथम, गोरखपुर की अंजली चौहान द्वितीय तथा लखनऊ की इनाया कौशिक तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर बैक स्ट्रोक में लखनऊ की दिव्या चौहान ने प्रथम, बरेली की अनुश्री करमाकर ने द्वितीय तथा लखनऊ की अशिका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर बटरफ्लाई महिला वर्ग में लखनऊ की परी तिवारी प्रथम, वाराणसी की गायत्री द्वितीय तथा लखनऊ की शिवी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर फ्री स्टाइल में मेरठ की अदित्री राय ने प्रथम, बरेली की रोजिल खान ने द्वितीय तथा लखनऊ की परी तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
400×100 मीटर मिडले रिले महिला वर्ग में वाराणसी मंडल की टीम प्रथम रही। टीम में अनुष्का, श्वेता, गायत्री और रिया पाटिल शामिल रहीं। लखनऊ मंडल की दिव्या चौहान, इनाया, शिवी और परी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गोरखपुर मंडल की स्मृति तिवारी, अंजली चौहान, शीतल निषाद और अंजनी कनौजिया की टीम तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 200 मीटर फ्री स्टाइल में मेरठ की आरित्री राय प्रथम, वाराणसी की अनुष्का केसारी द्वितीय तथा वाराणसी की रिया पटेल तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में लखनऊ की इनाया कौशिक ने प्रथम, लखनऊ की अंशिका यादव ने द्वितीय तथा वाराणसी की श्वेता साहनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर बैक स्ट्रोक में लखनऊ की दिव्या चौहान प्रथम, वाराणसी की अनुष्का केसारी द्वितीय तथा लखनऊ की शिवी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में मेरठ की आरोही राय प्रथम, वाराणसी की गार्गी द्वितीय तथा गोरखपुर की अंजली कनौजिया तृतीय स्थान पर रहीं।
400×100 मीटर फ्री स्टाइल रिले महिला वर्ग में वाराणसी मंडल की टीम प्रथम रही। टीम में अंकित चौहान, शीतल निषाद, काजल चौहान और दीपिका शामिल रहीं। गोरखपुर मंडल की अनुष्का केसारी, रिया पटेल, श्वेता साहनी और गायत्री की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लखनऊ मंडल की शिवी तिवारी, अंशिका गुप्ता, दिव्या चौहान और अंशिका चौहान की टीम तृतीय स्थान पर रही।
टेबल टेनिस में लखनऊ मंडल ने जीते खिताब
प्रदेशीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता 4 नवंबर को शुरू हुई। पहले मैच में चित्रकूट मंडल ने सहारनपुर को 3-1 से हराया, जबकि दूसरे मैच में वाराणसी मंडल ने मेरठ मंडल को 3-1 से पराजित किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में लखनऊ ने सहारनपुर को 3-1 से, आगरा ने अयोध्या को 3-0 से, प्रयागराज ने वाराणसी को 3-0 से और कानपुर ने मिर्जापुर को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल ने आगरा को 3-0 से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में प्रयागराज मंडल ने कानपुर को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद लखनऊ और प्रयागराज के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया।
युगल वर्ग: युगल वर्ग में लखनऊ, प्रयागराज, आगरा और अयोध्या की टीमों ने शुरुआती दौर के मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में लखनऊ की साक्षी और स्वास्ती की जोड़ी ने प्रयागराज की विशाखा और वैष्णवी को 3-1 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ की वार्तिका और भागर्वी की जोड़ी ने प्रयागराज की शालनी और आरना को 3-0 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबला लखनऊ की साक्षी-स्वास्ती और वार्तिका-भागर्वी की जोड़ियों के बीच हुआ। इसमें वार्तिका और भागर्वी की जोड़ी ने 3-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में प्रयागराज की विशाखा और वैष्णवी की जोड़ी ने अपनी ही मंडल की शालनी और आरना को 3-0 से हराया।
एकल वर्ग: एकल वर्ग में लखनऊ की श्वती चन्द्रा ने कड़े मुकाबले में अपनी ही मंडल की वार्तिका सिंह को 3-2 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, प्रयागराज की विशाखाराज ने लखनऊ की भागर्दी को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
निर्णायकों और अतिथियों की रही मौजूदगी
तैराकी प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में शिवम कपूर, राबिन कपूर, प्रदीप कुमार चौहान, नीरज मिश्रा, शिवानी दीक्षित, रामआसरे यादव, हिमांशु तिवारी, अभिषेक तिवारी, सुबोध मिश्रा और आकांक्षा मिश्रा ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में साक्षी मौर्या, अर्पिता, पूर्वा, अंजली, अभिषेक सिंह, आन्या, पूजा यादव और आंचल सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राकेश कुमार, क्रीड़ाधिकारी बाराबंकी एवं निदानकर्ता अधिकारी खेल विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ के लक्ष्मीकान्त शुक्ला, जिला ओलंपिक संघ रायबरेली की श्वेता वर्मा, मुन्ना लाल साहू, करन सिंह, डॉ. एस.एम. सिंह, राजीव अग्रवाल, अशोक कुमार, मो. इयाज, जे.पी. श्रीवास्तव, अजय चन्देल, मो. अनीस और राजेश सिंह सहित अनेक वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का संपूर्ण संचालन जिला खेल कार्यालय रायबरेली के क्रीड़ाधिकारी धीरेन्द्र कुमार पुरुषोत्तम ने किया। अंत में उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों, निर्णायकों, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
