बृजमनगंज में धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, बर्तन से लेकर वाहनों तक की जमकर हुई खरीदारी

सुबह से देर शाम तक बाजारों में रही रौनक, सोने-चांदी के सिक्कों, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर दिखी भीड़
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को बृजमनगंज कस्बे के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से सजी दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुबह करीब 10 बजे से ही लोग बाजार पहुंचने लगे। जैसे-जैसे शाम ढलती गई, बाजारों की रौनक बढ़ती गई। शाम के समय कस्बे में मेले जैसा माहौल नजर आया।
धनतेरस पर लोगों ने छोटे-बड़े वाहनों, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड कपड़ों और बर्तनों की जमकर खरीदारी की। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार चम्मच से लेकर वाहनों तक की खरीदारी हुई। सोने-चांदी के सिक्कों के साथ आभूषण और घरेलू उपयोग के सामान खरीदने वालों की भी अच्छी खासी भीड़ रही।
बाजार में बर्तनों की दुकानों पर सबसे अधिक चहल-पहल देखने को मिली। लोगों ने डिनर सेट, चम्मच सेट, थाली, गिलास, कटोरे और प्लेट सहित विभिन्न प्रकार के बर्तनों की खरीदारी की। इस बार तांबे के बर्तनों को लेकर भी ग्राहकों में खास उत्साह नजर आया। इसके अलावा कटोरदान, कुकर और बाल्टी की भी खूब बिक्री हुई।
धनतेरस पर खरीदारी करने पहुंचे लोग झाड़ू खरीदने की परंपरा का निर्वहन करना भी नहीं भूले। बाजार में झाड़ू की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
त्योहार के दौरान बाजार में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभाली।
इस दौरान उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, गजेंद्र प्रताप सिंह, राजन पासवान, आलोक यादव, महिला उपनिरीक्षक अर्चना यादव, कांस्टेबल अरविंद खरवार, संदीप कुमार, बृजेश पाल और उमेश दुबे सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
