बृजमनगंज में धूमधाम से निकली मां लक्ष्मी की शोभायात्रा, साहब के पोखरे में प्रतिमा का विसर्जन

नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी यात्रा
श्रद्धालुओं ने फूल चढ़ाकर की पूजा-अर्चना, जयकारों से गूंजा कस्बा
बृजमनगंज, महाराजगंज। दीपावली के पावन पर्व पर बृजमनगंज नगर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में बुधवार शाम मां लक्ष्मी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख बाजारों से होते हुए शोभायात्रा निकली। नगर भ्रमण के बाद मां लक्ष्मी की प्रतिमा को फिरोज रोड स्थित साहब के पोखरे पर ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार शाम पूजन और मंत्रोच्चार के बाद शोभायात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा मुख्य सड़क से होते हुए कोल्हुई तिराहे पहुंची। इसके बाद गल्ला मंडी और सब्जी मंडी होते हुए स्टेशन मार्ग तक ले जाई गई। शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
नगर में भ्रमण के बाद शोभायात्रा प्रतिमा के स्थापित स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद प्रतिमा को विसर्जन के लिए फिरोज रोड स्थित साहब के पोखरे पर ले जाया गया।
इस दौरान नगर और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। मां लक्ष्मी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा को रोककर मां की आराधना की, फूल और बेलपत्र अर्पित किए तथा अबीर-गुलाल उड़ाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
दीपावली के अवसर पर दिनभर पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। शोभायात्रा और विसर्जन कार्यक्रम में अंकित वर्मा, आर्यन जायसवाल, राहुल गुप्ता, अमन जायसवाल, अमन कसौधन, शुभम जायसवाल, विशाल जायसवाल, मनोज जायसवाल, गोविंद वर्मा, सूरज सिंह, बंटी मधेशिया, रवि वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
