लखनऊ एयरपोर्ट पर ‘साहस-2026’ अभ्यास, विमान हादसे की स्थिति में राहत-बचाव तैयारियों का हुआ परीक्षण

जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा दलों ने लिया हिस्सा
आपात स्थिति में एजेंसियों के बीच समन्वय परखा गया
शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एलआईएएल) की ओर से पूर्णस्तरीय एयरोड्रोम आपातकालीन अभ्यास ‘साहस-2026’ का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विमानन आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना रहा।
अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास में जिला प्रशासन, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), उत्तर प्रदेश पुलिस, अग्निशमन विभाग, इंटेलिजेंस ब्यूरो, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एयरलाइंस, सरकारी एवं निजी अस्पतालों सहित अनेक केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियों ने भाग लिया।
अभ्यास के दौरान विमान की असफल लैंडिंग के बाद दुर्घटना होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इस आपातकालीन परिदृश्य में एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग सेवाओं, सीआईएसएफ और चिकित्सा दलों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई की। इसके माध्यम से संकट प्रबंधन, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की प्रभावशीलता को परखा गया।
इस अवसर पर एलआईएएल के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों की सुरक्षा एयरपोर्ट प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अभ्यास आपातकालीन तैयारियों का मूल्यांकन करने, एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने और सुधार की संभावनाओं को पहचानने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभ्यास अधिसूचित नोटम (NOTAM) अवधि में आयोजित किया गया, ताकि नियमित विमान परिचालन प्रभावित न हो। इस दौरान यात्रियों और आमजन को कोई असुविधा नहीं हुई तथा हवाई अड्डे का सामान्य परिचालन सुचारु रूप से जारी रहा।
