बृजमनगंज नगर पंचायत के नए ईओ पंकज कुमार ने संभाला कार्यभार, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा जोर

सुरभि मिश्रा का सिद्धार्थनगर की नगर पंचायत भारतभारी में हुआ तबादला, मेंहदावल से स्थानांतरित होकर आए पंकज कुमार
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा का दूसरे जिले में तबादला हो गया है। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका स्थानांतरण किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरभि मिश्रा को सिद्धार्थनगर जनपद की नगर पंचायत भारतभारी में प्रशासकीय अधिकारी के रूप में भेजा गया है। उनके स्थान पर पंकज कुमार को बृजमनगंज नगर पंचायत का नया अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है। पंकज कुमार इससे पहले नगर पंचायत मेंहदावल में कार्यरत थे। उन्होंने बृजमनगंज नगर पंचायत में पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद पंकज कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए कहा कि नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में जनता तक सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और नगर पंचायत को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस दौरान बड़े बाबू रमेश चौधरी, छोटे बाबू राहुल, कासिम अली सहित नगर पंचायत के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
