शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर सई नदी तट पर दीपदान, डीएम ने शहीद किसानों को किया नमन

रायबरेली। किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की स्मृति में शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के नेतृत्व में सई नदी के पावन तट पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारत माता मंदिर में माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

दीपदान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सई नदी के इसी पवित्र तट पर अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों के खिलाफ किसानों ने एक बड़ा आंदोलन किया था, जिसमें कई किसानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि आजादी हमारे पूर्वजों के अथक संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसका महत्व प्रत्येक नागरिक को समझना चाहिए।

डीएम हर्षिता माथुर ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों द्वारा दिए गए बलिदानों का सदैव सम्मान करना चाहिए और आजादी की कीमत को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

07 जनवरी को मुंशीगंज में होगा मुख्य श्रद्धांजलि समारोह

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 07 जनवरी 2026 को पूर्वान्ह 11:30 बजे शहीद स्मारक स्थल मुंशीगंज शहीद स्मारक में मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों का सम्मान किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, अनिल कुमार मिश्रा (अध्यक्ष जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन), अमित मिश्रा, शिव नारायण मिश्रा, अनूप कुमार मिश्र, पी०के० शर्मा, जी०सी० सिंह चौहान, मोहम्मद उमर, पूनम सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts