अयोध्या। बार काउंसिल उत्तर प्रदेश चुनाव के अंतर्गत वरिष्ठ अधिवक्ता यशपाल सिंह एडवोकेट ने अयोध्या मंडलायुक्त न्यायालय परिसर, दीवानी न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ता साथियों से सीधा संवाद कर अपने चुनावी एजेंडे “हमारा प्रयास” को विस्तार से रखा और क्रम संख्या 330 पर मतदान की अपील की।
यशपाल सिंह एडवोकेट ने कहा कि उनका उद्देश्य अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि उनके प्रमुख प्रस्तावों में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करना, न्यूनतम पेंशन व्यवस्था, नए पंजीकृत अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन राशि, कैशलेस बीमा सुविधा तथा स्वास्थ्य बीमा भुगतान की समय-सीमा तय करना शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता पंजीकरण प्रक्रिया को सरल, सुगम और शीघ्र बनाया जाएगा। बार काउंसिल और जनपद बार के कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु हर वर्ष ऑडिट व बजट सार्वजनिक करने, मासिक बैठकें मंडलवार कराने तथा शिकायतों की सुनवाई मंडल स्तर पर भी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है।
यशपाल सिंह ने अधिवक्ताओं के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाओं—चैंबर, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल—की व्यवस्था, वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा कनिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रशिक्षण, बैंक ऋण में भेदभाव समाप्त करने और सभी बार काउंसिल व जनपद बार को ऑनलाइन जोड़ने की बात कही।
जनसंपर्क के दौरान अधिवक्ताओं ने उनकी नीतियों को सकारात्मक बताया और बड़ी संख्या में समर्थन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में अधिवक्ता एकजुटता और सुधारात्मक बदलाव की मजबूत झलक देखने को मिली।


















