सड़क हादसों में युवाओं की मौतों के बाद सरोजनीनगर में हेलमेट अभियान की घोषणा

[post-views]

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में युवाओं की मृत्यु की घटनाओं के बाद विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक नई पहल की घोषणा की है। इन घटनाओं को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हाल ही में भाजपा बूथ अध्यक्ष गुड़िया गौतम के 18 वर्षीय पुत्र की मृत्यु एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। जानकारी के अनुसार, वह मोटरसाइकिल से मात्र एक किलोमीटर दूर दूध लेने गए थे। घने कोहरे के कारण उनकी मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गई, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

इसी प्रकार महिला मंडल प्रभारी प्रियंका सिंह के 18 वर्षीय भतीजे की भी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह पास की दुकान से समोसा लेने गए थे और दुर्घटना में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई। इन घटनाओं के बाद विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट वितरण अभियान शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के माध्यम से इसी सप्ताह 1,000 हेलमेट सरोजनीनगर क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों को वितरित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य यह है कि पार्टी कार्यकर्ता स्वयं हेलमेट पहनकर उदाहरण प्रस्तुत करें और अपने बच्चों व परिजनों को छोटी दूरी के लिए भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने देश और प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत में हर वर्ष लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें 1.8 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है। इनमें से करीब 66 प्रतिशत मृतक 18 से 34 वर्ष की आयु वर्ग के होते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतों वाला राज्य है। वर्ष 2024 में प्रदेश में 46,052 सड़क हादसों में 24,000 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई। राजधानी लखनऊ में इसी अवधि के दौरान लगभग 1,630 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।

डॉ. सिंह ने अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें गलत दिशा से आ रहे डंपर की चपेट में आने से धीरज शुक्ला के पुत्र की मृत्यु तथा बंथरा क्षेत्र में स्कॉर्पियो वाहन से कुचलकर अर्जित चतुर्वेदी की मृत्यु शामिल है। इस मामले में आरोपी बलवीर यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसी दुर्घटना में युवती काजल की भी मृत्यु हुई थी।

विधायक ने बताया कि वे सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे को माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार तथा लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग के मामलों में कड़े दंड की मांग करेंगे।

इसके साथ ही डॉ. राजेश्वर सिंह ने जानकारी दी कि मंगलवार को उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में पिछले एक माह के दौरान दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य कारणों से परिजनों को खोने वाले 13 से अधिक शोकसंतप्त परिवारों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की।

इस दौरान बूथ अध्यक्ष गुड़िया गौतम के 1 लाख रुपये के बैंक ऋण की अदायगी, 6 परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए शुल्क प्रतिपूर्ति, एडमिशन और पाठ्य-पुस्तकों की व्यवस्था, 5 परिवारों के सदस्यों को रोजगार अथवा निजी क्षेत्र में नियुक्ति, 4 अस्वस्थ एवं दिव्यांग व्यक्तियों के उपचार और आर्थिक सहायता, तथा 4 मामलों में विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बाल सेवा योजना और पारिवारिक लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts