सर्दियों के मौसम में पोषण से भरपूर आहार लेना स्वास्थ्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। हरी पत्तेदार सब्जियों में शामिल पालक को आयरन और विटामिन का अच्छा स्रोत माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पालक का जूस पीने से शरीर को इसके पोषक तत्व अपेक्षाकृत अधिक मात्रा में मिल सकते हैं। यही कारण है कि सर्दियों में पालक के जूस को एक उपयोगी आहार विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
पोषण विशेषज्ञ बताते हैं कि पालक में आयरन, विटामिन A, C और K के साथ-साथ फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। सीमित मात्रा में इसका नियमित सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सहारा दे सकता है और ऊर्जा स्तर को बनाए रखने में मदद कर सकता है। हालांकि, विशेषज्ञ यह भी स्पष्ट करते हैं कि पालक का जूस किसी बीमारी का उपचार नहीं है, बल्कि यह संतुलित आहार का हिस्सा हो सकता है।
जूस तैयार करने की प्रक्रिया
पालक का जूस घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए आप 1 से 2 कप ताजे पालक के पत्ते लेकर अच्छी तरह धोए और इसके बाद पालक को आधा कप पानी के साथ मिक्सी में पीसकर छान ले और स्वाद के अनुसार नींबू या अदरक की थोड़ी मात्रा भी मिलाई जा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार जूस को ताजा पीना बेहतर माना जाता है।
आयरन और ऊर्जा स्तर
पालक में मौजूद आयरन हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने में सहायक माना जाता है। नियमित और संतुलित सेवन से थकान में कमी और शारीरिक सक्रियता में सुधार महसूस हो सकता है। हालांकि आयरन की कमी या एनीमिया की स्थिति में केवल जूस पर निर्भर रहने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेना ज्यादा आवश्यक है।
हड्डियों और त्वचा से जुड़ा पक्ष
विटामिन K और कैल्शियम के कारण पालक का जूस हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माना जाता है। साथ ही इसमें मौजूद विटामिन A और C त्वचा और बालों की सामान्य सेहत बनाए रखने में सहायक हो सकते हैं। विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि पालक में ऑक्सेलिक एसिड पाया जाता है, इसलिए पालक के जूस के अत्यधिक मात्रा में सेवन से बचना चाहिए।
पालक का जूस सर्दियों में पोषण बढ़ाने का एक सरल विकल्प है, लेकिन इसे संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के साथ ही शामिल किया जाना चाहिए।

















