रायबरेली। जनपद रायबरेली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद के सभी 2451 मतदान बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रतिदिन दो घंटे उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान मतदाता अनंतिम मतदाता सूची देख सकेंगे और फार्म-6, फार्म-7 तथा फार्म-8 भरवा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 177 बछरावां (अजा), 179 हरचंदपुर, 180 रायबरेली, 181 सलोन (अजा), 182 सरेनी और 183 ऊंचाहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिसों की सुनवाई का कार्य निरंतर जारी है।
अब तक 40 हजार से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। कार्य में तेजी लाने और मतदाताओं को सहूलियत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि जनपद में छह तहसीलों सहित कुल 42 केंद्रों पर नोटिसों की सुनवाई की जा रही है, जहां दावे और आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं।
अब तक लगभग 75 हजार मतदाताओं द्वारा फार्म-6 भरे जा चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने बीएलओ और एसआईआर से जुड़े अधिकारियों को एक माह का अतिरिक्त समय प्रदान किया है, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
डीएम ने बताया कि आयोग द्वारा घोषित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। नोटिस चरण, प्रवेश अधिकार पर निर्णय तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 27 मार्च 2026 तक रहेगी। स्वास्थ्य मापदंडों की जांच 3 मार्च 2026 तक की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ के बूथों पर प्रतिदिन दो घंटे उपलब्ध रहने से मतदाताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रत्येक बीएलओ को अनंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है, जिससे नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित कार्य मौके पर ही पूरे किए जा सकें।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए।


















