पत्नी के हत्यारे पति का शव मिला फांसी के फंदे पर, क्षेत्र में हड़कम्प

बृजमनगंज (महाराजगंज)। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौराहा खास में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ी सनसनीखेज घटना ने नया मोड़ ले लिया। एक दिन पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोपी पति मुर्तुजा का शव शुक्रवार दोपहर उसके घर में पंखे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम सभा सौराहा खास में गुरुवार को पति मुर्तुजा ने अपनी पत्नी नजमा पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। उस समय नजमा अपने मायके से ससुराल सामान लेने आई हुई थी।

इस वारदात के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे मृतक मुर्तुजा के ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसके घर पहुंचे। घर का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खुलवाने की कोशिश के बाद एक लड़का किसी तरह अंदर गया तो उसने देखा कि मुर्तुजा का शव पंखे के कुंडे से फंदे के सहारे लटका हुआ है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और बाहर आकर शोर मचाने लगा।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बृजमनगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनिरुद्ध, पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि गुरुवार को मुर्तुजा ने अपनी पत्नी नजमा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते नजमा अक्सर अपने मायके में रहती थी। गुरुवार को वह अपना सामान लेने ससुराल पहुंची थी, तभी दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद आरोपी पति का शव फंदे से लटका मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस दोहरी घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts