लखनऊ में नशे के लिए पैसे न मिलने पर बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम बेहसा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक युवक ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार दिनांक 11 मार्च 2026 को लगभग 15:20 बजे कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बेहसा में एक व्यक्ति ने अपने पिता पर हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना सरोजनीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल संतलाल रावत (60) पुत्र स्वर्गीय रामदास निवासी ग्राम बेहसा को एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया।

लोकबंधु अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल का पुत्र नीरज रावत (35) नशे का आदी है और नशा करने के लिए अपने पिता से पैसे मांग रहा था।

जब पिता ने पैसे देने से मना किया तो उसने गुस्से में आकर बाके (धारदार हथियार) से हमला कर दिया, जिससे संतलाल रावत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही घायल की बेटियां भी अस्पताल पहुंच गईं।

घटना के बाद से आरोपी पुत्र नीरज रावत फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top