भाजपा की बड़ी बैठक में संगठन पर फोकस! कार्यकर्ताओं को मिला खास संदेश

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के बदाली खेड़ा स्थित राजा मोंटेसरी स्कूल में भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की।

यह बैठक रविवार शाम करीब 7 बजे आयोजित हुई, जिसमें मंडल के पदाधिकारी, सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का आयोजन सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव (2D) के समन्वय में किया गया।

बैठक में मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने, संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत ही पार्टी की असली शक्ति होती है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी को मजबूती मिलती है।

इस दौरान उन्होंने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जन-जन तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त कर एक पत्रावली भी तैयार की गई, जिससे आगे संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।

मंडल अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को इसे अवश्य सुनें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नई ऊर्जा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल देश के विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों के बीच आपसी समझ और एकता को बढ़ावा देती है, जो राष्ट्र को मजबूत बनाती है।

बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं द्वारा पटका पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं बूथ अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने उन्हें राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह भी जताया।

स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष से आग्रह किया कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को क्षेत्र में आमंत्रित किया जाए, ताकि वे स्वयं आकर किए गए विकास कार्यों की जानकारी दें और जनता से संवाद कर सकें।

कार्यक्रम में अपार दीवान, अतुल श्रीवास्तव, विनय वर्मा, पुष्पा गुप्ता, अरविंद कुमार, श्याम मोहन शर्मा, फूलचंद गौतम, अभय सिंह, धर्मेंद्र यादव, हरिमोहन शर्मा, सूरज सिंह, प्रीति सिंह, राहुल दुबे, ललित, युवराज, सूर्य किशोर, अभिषेक गौर, अभिषेक कुमार सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top