रायबरेली। ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शहर के विभिन्न मस्जिदों और प्रमुख बाजारों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि रायबरेली की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियां और सकारात्मकता लेकर आते हैं, इसलिए सभी लोग प्रेम और एकता के साथ इसे मनाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि जनपद में लगातार रूट मार्च और पुलिस गश्त की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने एसडीएम और सीओ को निर्देश दिए कि ईद के मद्देनजर मस्जिदों और ईदगाहों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए और लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















