रायबरेली। जनपद रायबरेली में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से 10 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का आयोजन किया जाएगा। शिवगढ़ ब्लॉक को छोड़कर जनपद के शेष सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा द्वारा किला बाजार स्थित उच्च प्राथमिक बालिका विद्यालय में बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 19 विकासखंड और एक शहरी क्षेत्र है। शहरी क्षेत्र सहित 18 विकासखंडों में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा। शिवगढ़ ब्लॉक में इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एल्बेंडाजोल का सेवन कराया जाएगा, इसलिए वहां अलग से एनडीडी नहीं मनाया जाएगा।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जनपद में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 13.44 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विद्यालय जाने वाले बच्चों को स्कूलों में तथा विद्यालय न जाने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दवा दी जाएगी। यह अभियान सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों, मदरसों एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक साथ संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जो बच्चे 10 फरवरी को किसी कारणवश दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस विभाग का सहयोग लिया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या है, जो कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक-मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न कर सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वर्ष फरवरी और अगस्त माह में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एल्बेंडाजोल दवा स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में बच्चों को अपने सामने ही खिलाई जाएगी तथा दवा खाली पेट नहीं दी जाएगी। जनपद में दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को दवा सेवन से वंचित न रखें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।


















