शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में जनपद लखनऊ के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं।
प्रत्येक केंद्र पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
इसी क्रम में थाना सरोजनीनगर की पिंक बूथ-15 टीम द्वारा पराग रोड स्थित शनि देव मंदिर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को पिंक बूथ, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों को समझने तथा साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। टीम ने डिजिटल सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड के उपयोग और सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग पर भी मार्गदर्शन दिया।
इस अभियान में महिला हेड कांस्टेबल देव कुमारी और महिला कांस्टेबल श्वेता दोहरे ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर आत्मरक्षा, सतर्कता और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के तरीकों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के अंतर्गत पराग रोड शनि देव मंदिर के आसपास लगभग 20 से 25 महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, जिससे महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं जागरूक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


















