शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। थाना बिजनौर पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर दो मामलों का सफल अनावरण किया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया एक अदद नाक की कील (पीली धातु), एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) तथा 1810 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को वादी कल्लू गौतम निवासी कटरा मोहल्ला, बिजनौर की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि चोर ने उनके घर के अंदर घुसकर आलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना बिजनौर पर मु0अ0सं0-21/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
इसके अलावा 27 जनवरी 2026 को सूजीत निवासी ग्राम माती थाना बिजनौर के घर हुई चोरी के मामले में भी मु0अ0सं0-20/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों मामलों के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मैनुअल जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 01 फरवरी 2026 को अभियुक्त को अलीनगर खुर्द की ओर अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।
थाना बिजनौर पुलिस के अनुसार क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















