सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर क्षेत्र के ग्राम हरिपुरा निवासी भारतीय सेना के जवान दीपक सिंह डोवाल का 27 मार्च को गुजरात के बडोरा में एक सैन्य कोर्स के दौरान अचानक निधन हो गया। इस दुखद खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दीपक सिंह डोवाल, पूर्व सैनिक सरबजीत सिंह डोवाल के पुत्र थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल छा गया।
रविवार को रानीबाग में उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी।
दीपक सिंह डोवाल वर्ष 2012 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई नरेंद्र सिंह डोवाल हैं, जबकि एक अन्य भाई भी सेना में सेवा दे रहे हैं।
दीपक के असामयिक निधन से क्षेत्र ने एक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ जवान को खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।


















