बृजमनगंज में छठ पूजा की तैयारियां तेज, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने घाटों का किया निरीक्षण

ठाकुर द्वारा और शिवालय पोखरे पर साफ-सफाई, वेदी निर्माण व रोशनी की व्यवस्था
व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और स्वच्छ पेयजल का इंतजाम
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पिछले एक सप्ताह से नगर पंचायत स्थित ठाकुर द्वारा पोखरे और शिवालय पोखरे पर छठ घाटों की साफ-सफाई, चूना पुताई और वेदी निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
इन दोनों पोखरों पर प्रतिवर्ष सैकड़ों व्रती महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना करती हैं। इसी को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने दोनों छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और इसे और बेहतर बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घाटों पर रोशनी और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था
नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि दोनों घाटों पर बेहतर साफ-सफाई के साथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराई गई है। कार्यक्रम की निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के तहत सभी नगर पंचायतों को छठ पूजा का आयोजन बेहतर ढंग से कराने और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नगर अध्यक्ष ने समस्त नगरवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और पेयजल की सुविधा
अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक होते हैं। श्रद्धालु महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर चेंजिंग रूम, शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का प्रयास है कि छठ पूजा का आयोजन भव्य और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, तौलन चौरसिया, सनी रैना, अनिल मणि, राजन चौरसिया, नगर कर्मचारी कासिम, सागर कन्नौजिया, दीपक विश्वकर्मा सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी और सफाईकर्मी मौजूद रहे।
