महराजगंज: राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, चौकी इंचार्ज निलंबित

धानी के खड़खड़िया पुल के पास हादसा, एसडीआरएफ की टीम रातभर चलाती रही तलाशी अभियान
घाट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास बुधवार शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे 32 वर्षीय रमेश कुमार का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। वह नौसागर ग्राम सभा के टोला सुख चैनपुर का निवासी है। घटना में लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने धानी चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान रमेश कुमार नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह नदी में लापता हो गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने पर रात करीब 12 बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। टीम ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गुरुवार शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। रमेश के परिजन नदी किनारे मौजूद रहकर उसके मिलने का इंतजार कर रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद मूर्ति विसर्जन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि घाट पर पर्याप्त रोशनी, गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान और बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं थी। घटना के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम फरेंदा प्रेमशंकर पांडेय, सीओ दीपशिखा वर्मा और बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी ली और तलाश अभियान का जायजा लिया।
चौकी इंचार्ज निलंबित
घटना में लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने धानी चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने चौकी इंचार्ज के निलंबन की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि खड़खड़िया पुल महराजगंज और गोरखपुर जनपद की सीमा पर स्थित है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम नदी में लापता रमेश कुमार की तलाश में जुटी हुई है।
