महाराजगंज: राप्ती नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ था हादसा

मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबा था युवक
एसडीआरएफ ने चलाया था तलाशी अभियान, लापरवाही के आरोप में धानी चौकी इंचार्ज पहले ही निलंबित
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक का शव काफी मशक्कत के बाद तीसरे दिन शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। मृतक की पहचान रमेश शर्मा निवासी ग्राम सभा नौसागर के टोला सुख चैनपुर के रूप में हुई है। उसका शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास नदी में मिला।
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार शाम धानी चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया था।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे रमेश राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, वह नदी में लापता हो गया। ग्रामीणों ने उसे बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद भी नदी में तलाश अभियान जारी रखा गया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खड़खड़िया पुल से लगभग दो किलोमीटर दूर कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास रमेश का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
