सरोजनीनगर, लखनऊ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को सरोजनीनगर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया, पुतला दहन किया और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
अजय राय ने रविवार को संविधान संवाद महापंचायत में डॉ. राजेश्वर सिंह पर टिप्पणी की थी, जिसे भाजपा ने अपमानजनक और अमर्यादित बताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि अजय राय जानबूझकर लोकप्रिय विधायक की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी आपत्तिजनक है और इससे क्षेत्र की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी को लेकर शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी और अजय राय के खिलाफ नारेबाजी की गई। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए अजय राय के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि यदि इस विषय पर स्पष्टीकरण या माफी नहीं दी गई, तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने डॉ. राजेश्वर सिंह के सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी छवि को लेकर लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं। वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर टिप्पणी करते समय राजनीतिक दलों को मर्यादा का पालन करना चाहिए।
इस दौरान मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल की तैनाती रही और स्थिति सामान्य बनी रही। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
प्रदर्शन में भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि यह विरोध शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराया गया है और इसका उद्देश्य बयान पर आपत्ति जताना तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और उसे नियमानुसार संबंधित स्तर पर अग्रेषित किया जाएगा। मामले पर आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।


















