रायबरेली। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय किला, रायबरेली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर किया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलोन में प्रधान संघ के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने बच्चों को दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि जनपद में शिवगढ़ ब्लॉक को छोड़कर शेष 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 13.44 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो बच्चे दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिवगढ़ ब्लॉक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 फरवरी से 28 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रोगियों को छोड़कर सभी पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा दी जा रही है।
इस अवसर पर राजकुमार जायसवाल ने कहा कि बच्चों को कृमि मुक्त करने के लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर और विद्यालयों में दवा खिला रही हैं, जिसमें शिक्षा विभाग का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अभियान की गंभीरता को समझते हुए अपने बच्चों को दवा अवश्य खिलाएं, क्योंकि पेट के कीड़े बच्चों के शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करते हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी. एस. अस्थाना ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक लगभग 8.64 लाख बच्चों ने एल्बेंडाजोल का सेवन कर लिया है। कार्यक्रम में अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. शांति अकेला, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक विनय पांडे, आशीष तिवारी (एआरपी), शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलोन में अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. शुभ करण ने स्वयं दवा का सेवन कर तथा बच्चों को दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। जनपद के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।


















