शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और जनसेवा की निरंतर पहल के तहत विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा रविवार को ग्राम पंचायत प्यारेपुर (मजरा अजीतन खेड़ा, खुशहालगंज मंडल) में ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ कार्यक्रम की 154वीं कड़ी आयोजित की गई।
शिविर में जनसुनवाई, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा प्रोत्साहन और खेल गतिविधियों से जुड़ी योजनाओं को एक मंच पर रखा गया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने साइकिल, हैंडपंप, घरौनी प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, शादी अनुदान, राशन कार्ड, रोड-नाली, दिव्यांग पेंशन, मंदिर जीर्णोद्धार, बाल सेवा योजना और आयुष्मान कार्ड से जुड़े 32 से अधिक प्रकरण प्रस्तुत किए। मौके पर पांच वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाए गए, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत Tender Palm Super Speciality Hospital के सहयोग से निःशुल्क नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ, जिसमें 61 नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया गया। आवश्यकता अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया बताई गई।

शिक्षा प्रोत्साहन के तहत डॉ. राजेश्वर सिंह ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों शौर्य सिंह (93.16%), मिस्टी यादव (79.16%), सचिन यादव (61.5%) और मानसी (58.6%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 168वां बॉयज यूथ क्लब और 105वां गर्ल्स यूथ क्लब गठित कर स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों और गणमान्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में ग्राम प्रधान संजय यादव, मंडल अध्यक्ष शिव बख्श सिंह, पदाधिकारी, चिकित्सकीय टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित ग्रामीणों के लिए ताराशक्ति निःशुल्क रसोई से भोजन की व्यवस्था की गई।
आयोजकों के अनुसार, ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ की यह साप्ताहिक पहल आगे भी क्षेत्र के गांवों में जारी रहेगी, ताकि स्थानीय समस्याओं के समाधान और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।


















