UPEIDA के तहत सम्मानजनक मुआवजे को लेकर पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव, मेधावी छात्रा सम्मानित और किसान परिवार को मिली आर्थिक सहायता
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित “किसान धन्यवाद सभा” किसान हित, न्यायपूर्ण मुआवजा और विकास कार्यों को लेकर चर्चा का केंद्र रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि UPEIDA के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण मामलों में सरोजनीनगर के किसानों को प्रदेश में सर्वाधिक और सम्मानजनक मुआवजा प्राप्त हुआ है। इसे सरकार की किसान हितैषी नीतियों और जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों का परिणाम बताया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान, एसीपी राजेश वर्मा, तहसीलदार, विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
किसानों को मिला सम्मानजनक मुआवजा
सभा में वक्ताओं ने कहा कि पहले भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों के लिए चिंता का विषय बन जाती थी, लेकिन अब विकास परियोजनाओं के साथ किसानों के हितों और सम्मान का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सर्किल रेट में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जिससे किसानों को उनकी भूमि का बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किसानों की समस्याओं को लगातार शासन स्तर पर उठाया और मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसी का परिणाम है कि आज सरोजनीनगर किसान सम्मान और विकास के मॉडल के रूप में पहचान बना रहा है।
मेधावी छात्रा को मिला लैपटॉप
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा कुमारी श्वेता गौतम को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। छात्रा की इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया।
किसान परिवार को आर्थिक सहायता
सभा में ग्राम गुदौली के दिवंगत किसान प्रताप सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। किसानों ने इसे संवेदनशील पहल बताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों की आवाज को मिला मंच
विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर अजीत सिंह ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने किसानों की समस्याओं को केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर कानूनी स्तर पर भी किसानों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने बताया कि गढ़ी चुनौटी के किसानों के मामले में डॉ. राजेश्वर सिंह स्वयं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में अधिवक्ता के रूप में उपस्थित हुए और किसानों को राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनकल्याणकारी कार्यों का भी हुआ उल्लेख
सभा में वक्ताओं ने विधायक द्वारा कराए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों की चर्चा करते हुए बताया कि अब तक 25 करोड़ रुपये से अधिक की चिकित्सा सहायता जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अलावा हजारों विद्यार्थियों को लैपटॉप, साइकिल और शैक्षिक सहायता प्रदान की गई है।
वक्ताओं ने तारा सिलाई केंद्र, रण बहादुर सिंह डिजिटल एजुकेशन एवं यूथ एम्पावरमेंट सेंटर, “आपका विधायक आपके द्वार” अभियान, राम रथ यात्रा, युवा क्लबों के गठन तथा मंदिरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किसान हितैषी नीतियों, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों और संगठन के नेतृत्व के कारण किसानों को न्याय, सम्मान और विकास का लाभ एक साथ मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों और अखिल भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।













