सलमान खान
बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ाबाँज में द्वितीय वार्षिकोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमा गैड़ा तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख धौलादेवी श्रीमती लीला बिष्ट रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले 3 छात्रों, राज्य स्तरीय सत्र 2025-26 में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले 9 छात्रों तथा सत्र 2024-25 में राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले 12 विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा में विकासखंड धौलादेवी में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली कु. वैभूती को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षावार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लीला बिष्ट ने विद्यालय के सांस्कृतिक मंच की छत निर्माण की घोषणा करते हुए अप्रैल माह तक कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमा गैड़ा ने प्रधानाचार्य की मांग पर विद्यालय में बास्केटबॉल एवं बैडमिंटन के संयुक्त कोर्ट निर्माण हेतु 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रेमा बिष्ट एवं उप शिक्षा अधिकारी सुश्री दीक्षा वेलवाल द्वारा नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण किया गया तथा अभिभावकों को बुक बैंक योजना की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भोज, डॉ. मंजू चंद्रा, राजकीय शिक्षक संघ अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष श्री भूपाल सिंह चिलवाल, जिलामंत्री श्री राजू मेहरा सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार, अभिभावक-शिक्षक संघ अध्यक्ष श्रीमती हेमा चम्याल एवं विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह द्वारा सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिह्न एवं धन्यवाद पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


















