- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन से बढ़ा क्षेत्र का गौरव
सलमान खान
बाजपुर, उधम सिंह नगर। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेरिया दौलत स्थित कल्याणपुरी में दिव्यांग जनजाति वर्ग की विजेता बेटियों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता राजेश कुमार ने कहा कि गुजरात में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में बाजपुर की बेटियों लक्ष्मी, पुष्पा, शांति, सुहानी, कविता, मनीषा और महक ने शानदार प्रदर्शन किया।
इन खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर फाइनल मुकाबले में राजस्थान टीम को हराकर क्षेत्र, जनजाति समाज और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि इन बेटियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। विशेष रूप से खिलाड़ी पुष्पा ने थ्रो बॉल प्रतियोगिता में श्रीलंका टीम को पराजित कर देश का मान बढ़ाया, जो उनकी असाधारण प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
राजेश कुमार ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बेटियां जिस तरह सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं, वह नारी सशक्तिकरण, दिव्यांग शक्ति और जनजातीय समाज के उत्थान की सशक्त मिसाल है।
इस अवसर पर भाजपा नेता राजेश कुमार, एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि रमेश गर्ग, क्षेत्र पंचायत सदस्य रूपेंद्र सिंह, संजय सिंह, रीमा देवी, संतरों, मुलिया देवी, गोविंद, जीवन, दीपक, पप्पू, शंकर, बिशन, रवि, मोहन, दान सिंह, पंचम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


















