सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। क्षेत्र के ग्राम सभा दुबौलिया के लेहड़ा स्टेशन बाजार निवासी जितेंद्र साहनी ने कड़ी मेहनत और 14 वर्षों की लगातार सेल्फ स्टडी के दम पर समीक्षा अधिकारी (RO) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके इस चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जितेंद्र साहनी ने घर पर रहकर ही अपनी पढ़ाई जारी रखी और बिना किसी कोचिंग के वर्षों तक मेहनत करते रहे। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई को संतुलित करते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
परिवार में जश्न का माहौल
जितेंद्र साहनी के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी का माहौल बन गया। उनकी पत्नी पूनम साहनी, पुत्र अंशित, माता संगीता देवी, पिता केदार नाथ, बहन प्रीति और छोटे भाई धर्मेंद्र साहनी सहित सभी परिजनों ने खुशी जाहिर की।
ग्राम प्रधान ने किया सम्मानित
जितेंद्र के चयन की सूचना मिलते ही ग्राम सभा दुबौलिया के प्रधान पंकज यादव ने उन्हें मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
जितेंद्र साहनी ने परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और अंततः उनकी वर्षों की मेहनत सफल हुई। उनके इस चयन से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
जितेंद्र साहनी की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर बिना संसाधनों के भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।


















