सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। जिले के बृजमनगंज ब्लॉक के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर में एक कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ और चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कंबाइन मशीन महुआरी की ओर से आ रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलटते हुए खाई में जा गिरी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने में सहयोग किया। लोगों ने राहत की सांस ली कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
कोल्हुई थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस द्वारा हालात का जायजा लेकर कंबाइन मशीन को हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि आवागमन सामान्य किया जा सके।
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के संचालन में सतर्कता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।


















