शकील अहमद
लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर में राष्ट्रभक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला, जब सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज, वाहनों पर लहराता तिरंगा और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नागरिकों की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यह तिरंगा यात्रा छठ पूजा स्थल, सैनिक स्कूल ग्राउंड, नवीन गौरी से प्रारंभ होकर कानपुर रोड, स्कूटर इंडिया चौराहे से होते हुए एयरपोर्ट क्षेत्र तक पहुँची।
यात्रा में हजारों की संख्या में बाइक, कार और पैदल नागरिक शामिल हुए। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह खुली जिप्सी में हाथों में तिरंगा थामे जन-जन का अभिवादन करते नजर आए। पूरे मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के उद्घोष गूंजते रहे।
तिरंगा यात्रा से पूर्व विधायक ने छठ पूजा स्थल, सैनिक स्कूल ग्राउंड, नवीन गौरी में उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल द्वारा आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सेनाओं के शौर्य और संविधान के सम्मान पर जोर
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि देश में शांति और सुरक्षा का वातावरण हमारी सेनाओं के शौर्य और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा असंख्य बलिदानों का प्रतीक है।
उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को स्मरण करते हुए बताया कि उनकी प्रेरणा से हजारों युवाओं ने राष्ट्र के लिए बलिदान दिया। विधायक ने 18 अगस्त को नेताजी की पुण्यतिथि पर सरोजनीनगर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी घोषणा की।
संविधान और भारत की विकास यात्रा
गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि संविधान भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता और शक्ति का आधार है। उन्होंने स्वतंत्रता के समय की परिस्थितियों की तुलना वर्तमान भारत से करते हुए कहा कि आज भारत तेज़ी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है।
राष्ट्र विरोधी विचारधाराओं के विरुद्ध एकजुटता का आह्वान
डॉ. राजेश्वर सिंह ने देश को कमजोर करने वाली बाहरी और आंतरिक चुनौतियों से सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जाति, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने वाली विचारधाराओं के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने देश के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के नेतृत्व में योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
तारा शक्ति केंद्रों की मातृशक्ति को नमन
विधायक ने बताया कि सरोजनीनगर के तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक तिरंगे तैयार कर देश को समर्पित किए जा चुके हैं, जो महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, वरिष्ठजन, मातृशक्ति और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


















