नेपाल से लाकर उगाई अफीम! बृजमनगंज में एनसीबी की बड़ी कार्रवाई, 450 पौधे नष्ट

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। खड़खोड़ा ग्राम सभा में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को अफीम पोस्ता के पौधों और डोडा फल को नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के निरीक्षक महेश प्रसाद की देखरेख में की गई। इस मामले में आरोपी रामनरेश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

नशा निवारण केंद्र के विशेष न्यायाधीश संजय मिश्रा द्वारा इस कार्रवाई के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी, जिसमें एनसीबी निरीक्षक महेश प्रसाद के साथ औषधि निरीक्षक नवीन कुमार और राजस्व विभाग के अधिकारी महेश शर्मा शामिल रहे।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। सबसे पहले अफीम के पौधों और डोडा फल की गिनती की गई, इसके बाद उनका वजन कराया गया, जो कुल करीब आठ किलो तीन सौ ग्राम पाया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि कार्रवाई पारदर्शी बनी रहे।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को बृजमनगंज पुलिस ने खड़खोड़ा गांव में छापेमारी कर अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया था। मौके से करीब 450 अफीम के पौधे और उनमें लगे लगभग 520 डोडा फल बरामद किए गए थे। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ ही खेत की निगरानी के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी ने अफीम के पौधे नेपाल के नवलपरासी जिले से लाकर अपने खेत में लगाए थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: महराजगंज में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *