शकील अहमद
लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में मंगलवार को कानपुर हाईवे स्थित शहीद पथ तिराहे पर यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यातायात एवं एसीपी राधा रमण सिंह के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले हैवी वाहनों, ब्लैक फिल्म लगी कारों और बिना हेलमेट दोपहिया चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कृष्णा नगर टीआई विनोद सिंह की उपस्थिति में शहीद पथ टीएसआई राजकुमार अवस्थी, टीएसआई मनोज सिंह, टीएसआई दीनानाथ तिवारी सहित यातायात पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान नो-एंट्री में एक हैवी डंपर वाहन पकड़ा गया, जबकि चार वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाकर चालान किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट चल रहे 16 दोपहिया वाहनों के भी चालान काटे गए। पुलिस ने मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाते हुए नियमों के पालन की सख्त हिदायत दी।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट का प्रयोग करें, नो-एंट्री नियमों का पालन करें और वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें।


















