सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बृजमनगंज पुलिस ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर फ्लैग मार्च किया।
कस्बा बृजमनगंज, लेदवा, सहजनवा बाबू रोड, गुजरौलिया, नैनसर, इनायत नगर, फूलमनहा, मामी चौराहा, लेहरा स्टेशन, बेलनहवा, कस्बा धानी तथा बांग्ला चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल ने गश्त कर कानून-व्यवस्था का संदेश दिया।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने मोटरसाइकिल से मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति रही।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि होली के दिन किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रंगों का यह त्योहार प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए इसे पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जबरन रंग या गुलाल लगाने, कपड़े फाड़ने, तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने और नशे के सेवन जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त गश्त और निगरानी जारी रहेगी।
फ्लैग मार्च में वरिष्ठ उप निरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, गजेंद्र प्रताप सिंह, राजन पासवान, आलोक यादव, दीपक यादव, अर्चना यादव, प्रिया वर्मा, आलोक कुमार, अरविंद खरवार, बृजेश पाल, रत्नेश कुमार, उमेश दुबे, संदीप कुमार, प्रवीण कुमार, नंदलाल चौरसिया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


















