राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: बृजमनगंज में पीडब्ल्यूडी ने चलाया जागरूकता अभियान

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बुधवार को बृजमनगंज क्षेत्र के कोल्हुई तिराहा एवं सोनाबंदी में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। लोगों को जेब्रा क्रॉसिंग से ही सड़क पार करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी और जानकारी के अभाव में ही अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं होती हैं।

कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता एडिशन सिंह, सहायक अभियंता नवनीत सिंह, अवर अभियंता संदीप भारती, उमेशचंद राम, सुरेंद्र प्रसाद, सोनू गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, राजकुमार यादव, बबलू जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *